IMD Latest Weather Updates: पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। पछुआ हवा के कारण लोगों को कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। इस दौरान फरीदकोट इस क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के लोगों को भी शीत लहर का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 74 प्रतिशत दर्ज की गई। बहरहाल, मौसम विभाग ने आज पूरे दिन आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में इस सप्ताह फिर से शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान लगभग तीन डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं, पंजाब का अमृतसर कड़ाके की ठंड की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9, 4.2, 8, एक और 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पड़ोसी राज्य हरियाणा में अम्बाला का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस जबकि हिसार का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4, 5.2, 4.7 और 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम का ताजा हाल जानने के लिए क्लिक करें
#Weather #Updates #cold #wave #Punjab #Haryana #Temperature #degrees #Delhi #Weather #today #Hindi #Aaj #mausam #mausam #jankari #Temp #today #Hindi