IMD Weather Updates: कुछ दिनों की राहत के बाद अब फिर से आफत आने वाली है। पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सोमवार से फिर शीत लहर का एक दौर चलने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट्स के मुताबिक, 16 से 18 जनवरी तक बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। कई इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई गई है। वहीं, कुछ इलाकों में पारा 5 डिग्री तक नीचे आ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, शीत लहर का यह दौर ठंडी आर्कटिक उत्तर पश्चिमी जेट स्ट्रीम से जुड़ा है। जो उत्तर भारत से होकर गुजर रहा है। इसका असर चार पांच दिनों तक यूपी-बिहार जैसे राज्यों में दिखेगा। मौसम की ताजा स्थिति को देखते हुए 16 से 20 तक लोगों से उचित सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बिहार का मौसम 16 जनवरी से फिर करवट लेगा। 16 से 18 जनवरी तक के लिए प्रदेश में कड़ाके की ठंड का अलर्ट है। राज्यभर में दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। कई जिले मों 20 जनवरी तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद जतायी जा रही है।
आपको यह भी बता दें कि पिछले दो दिनों में बिहार के आधा दर्जन शहरों को ठंड से निजात मिली है, लेकिन तीन शहर शनिवार को भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। भागलपुर, छपरा और सबौर में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। वहीं, पटना सहित राज्य के कई शहरों में शनिवार को दिनभर धूप निखरी। शनिवार को पटना, गया, नवादा , औरंगाबाद, शेखपुरा और डेहरी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री व उससे ऊपर तक पहुंच गया। शेखपुरा में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। सहरसा के अगवानपुर (18.5 डिग्री) को छोड़कर राज्य के लगभग सभी शहरों का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर है।
17 जनवरी तक पहाड़ पर शीतलहर की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों तक शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है और 14 से 17 जनवरी तक घने कोहरे और निचली पहाड़ियों में शीतलहर की चेतावनी दी है। पर्यटन स्थल नारकंडा में न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री, जबकि कुफरी में 0.8 डिग्री, मनाली में माइनस 0.2 डिग्री, डलहौजी में 0.5 डिग्री, शिमला में 0.6 डिग्री, कसौली में 5.7 डिग्री और धर्मशाला में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली में 23 सेमी, खदराला में 16 सेमी, शिलारो में 16 सेमी, कुफरी में 12 सेमी, भरमौर में 10 सेमी, शिमला और गोंडला में 6 सेमी, डलहौजी और कल्पा में 4-4 सेमी और हंसा और 3-3 सेमी में हिमपात हुआ। लाहौल और स्पीति में केलांग रात में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस नीचे और कल्पा में शून्य से 2.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित लगभग 250 सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद हैं, जबकि राज्य में 623 ट्रांसफार्मर बाधित हैं।
सोमवार से पश्चिमी यूपी में शीतलहर
मौसम विभाग ने सोमवार से पश्चिमी यूपी में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिन प्रदेश के कई अंचलों में सुबह व रात में कहीं बहुत घना तो कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। कुछेक स्थानों पर दिन में धूप नहीं निकलेगी। शुक्रवार की रात सबसे ठण्डा स्थान इटावा रहा जहां पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दो दिन पश्चिम विक्षोभ के चलते बदली और हल्की बारिश की वजह से दिन व रात के तापमान बढ़े रहे मगर अब सर्द हवा के साथ पारे में गिरावट का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। उत्तराखण्ड में बारिश व बर्फबारी के बाद उत्तर प्रदेश में सर्दी अब और सितम ढाएगी।
लखनऊ सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश व बौछारों के बाद मौसम साफ तो हुआ मगर सर्द हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी। शनिवार को लखनऊ के अलावा कई मण्डलों में कई दिनों के बाद अच्छी धूप निकली। लम्बे समय बाद लोगों ने गुनगुनी धूप का मजा लिया। मगर दोपहर होते-होते सर्द हवा चलने लगी। शाम को पारे में गिरावट के साथ गलन और ठिठुरन भरी सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया।
झारखंड में आज से बढ़ेगी ठंड
झारखंड के ऊपर छाए हल्के बादलों के छंटते ही रविवार से सूबे में एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं। आसमान के साफ होते ही सर्द हवाओं का भी प्रकोप बढ़ जाएगा। न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री तक की गिरावट के कारण सुबह में कनकनी बढ़ जाएगी। इसका असर राज्य में दो दिनों तक रहेगा। हालांकि मंगलवार से दोबारा मौसम के गर्म होने के संकेत है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी भाग पर छाए हल्के बादल अब छंट रहे हैं। इसके साथ ही देश के पश्चिमोत्तर भाग में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम हो रहा है। आसमान साफ होते ही ठंडी हवाएं चलने लगेंगी। वहीं, दूसरी ओर राज्य के उत्तरी भाग में सुबह में कुहासा बढ़ सकता है। लेकिन धूप निकलने से इसका प्रभाव कम होगा। राज्य के उत्तरी भाग में ठंड-कुहासा से न्यूनतम तापमान के 8.0 डिग्री से नीचे आने के आसार हैं। पूरे राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम है।
राजस्थान में ठंड का कहर, तीन स्थानों पर पारा गिरा
राजस्थान में तापमान में गिरावट एवं शीत लहर के चलने से कड़ाके की सर्दी ने फिर कहर ढहाना शुरू कर दिया और पर्यटन स्थल माउंटआबू सहित तीन स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से नीचे पहुंच गया जिससे लोग ठिठुरने लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरोही जिले में स्थित पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंटआबू में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जहां पिछले चौबीस घंटों में तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इसी तरह सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
मौसम का ताजा हाल जानने के लिए क्लिक करें
#Latest #IMD #Weather #Updates #Cold #wave #return #UPBihar #cold #havoc #Rajasthan #Weather #today #Hindi #Aaj #mausam #mausam #jankari #Temp #today #Hindi