राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत पर रविवार से फिर कड़ाके की ठंड का हमला होगा। इस दौरान तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट की संभावना है। वहीं, कोहरे की चादर भी लोगों को परेशान कर सकती है। एक सप्ताह तक लोगों ने कड़ाके की ठंड का सामना किया। बीते दो दिन थोड़े राहत भरे रहे। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार सुबह आठ बजे से ही सूरज निकल आया। दिनभर धूप रहने से तापमान में भी इजाफा हुआ। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला केंद्र में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह दोनों ही सामान्य से दो डिग्री ज्यादा हैं।
भारत में 5 साल में ठिठुरन वाले दिन 4 गुना तक बढ़े, अध्ययन में हुआ खुलासा
16, 17 व 18 जनवरी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी : मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय उच्च हिमालयी क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने 16, 17 व 18 जनवरी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अनुमान है कि रविवार से फिर बर्फीली हवा लोगों को कंपाएंगी। इस दौरान तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
कई इलाकों में हल्की बारिश से बदला मौसम
राजधानी के कई इलाकों में गुरुवार शाम को हुई हल्की बारिश से मौसम में बदलाव हो गया। शाम को छह बजे के बाद दरियागंज, मिंटो रोड, कमला मार्केट, कनॉट प्लेस, बवाना आदि कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे ठिठुरन में इजाफा हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। हवा की गति आठ से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार से तापमान में गिरावट होगी और अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं।
#Delhi #NCR #Weather #Cold #wave #increase #days #temperature #drop #degrees #yellow #alert #issued #days